भिलाई। घरेलू नौकरानी ने अपने मालिक के भरोसे को इस कदर तोड़ा कि सुनकर हर कोई हैरान रह गया। महिला ने घर में काम करते हुए मालिक के अलमारी से करीब 35 ग्राम सोने के जेवर चोरी कर लिए और उन्हें गलवाकर अपने लिए नए गहने बनवा लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना पुरानी भिलाई पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विजय कुमार, निवासी भिलाई-3 ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 नवंबर को उनकी पत्नी ने अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने के आभूषण — अंगूठी, चेन, गले का सेट, टॉप्स, बिंदिया, चूड़ियाँ और नजरिया — गायब थे। काफी तलाश के बाद भी जेवर नहीं मिले, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में शक घर में काम करने वाली बबीता विनिया पर गया, जो पिछले दो वर्षों से घरेलू काम कर रही थी। पूछताछ में बबीता ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह पिछले पाँच महीनों से अलमारी से थोड़े-थोड़े करके सोना निकालती रही और पावर हाउस के ज्वेलर्स रमेश सोनी एवं भिलाई-3 बाजार चौक के सनी सोनी को गहने गलवाने के लिए देती थी। बदले में उसने अपने लिए नए गहने बनवाकर घर में रख लिए थे।
पुलिस ने आरोपी के घर से 34.79 ग्राम सोने के गहने, जिनकी कीमत लगभग चार लाख रुपए है, बरामद किए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कुल मिलाकर छह लाख रुपए से अधिक का सामान जप्त हुआ।
आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



