रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि अकबर पिछले कुछ समय से पीलिया (जॉन्डिस) की समस्या से जूझ रहे थे। हाल ही में उनकी स्थिति बिगड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें हैदराबाद ले जाया गया।
भीषण सड़क हादसा : अनियंत्रित कार दलदल में गिरी, सहायक नेत्र अधिकारी की दर्दनाक मौत
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अकबर का सघन उपचार जारी है और डॉक्टरों ने बताया है कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है तथा स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने ली जानकारी
अकबर के स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस में चिंता का माहौल है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता हैदराबाद पहुंचकर उनकी स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बताया कि मोहम्मद अकबर लंबे समय से राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि स्वास्थ्य सुधार के बाद वे जल्द ही फिर सक्रिय होंगे।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा उपचार
जानकारी के मुताबिक, अकबर के लीवर से संबंधित जटिलताओं की संभावना को देखते हुए चिकित्सकों ने उनका नियमित ब्लड टेस्ट और लीवर फंक्शन टेस्ट कराया है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यकतानुसार उपचार में बदलाव कर रही है। अकबर की खुराक और आराम का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।



