CG TRAIN ACCIDENT UPDATE : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। लालखदान स्टेशन के पास कोरबा-पैसेंजर ट्रेन की टक्कर मालगाड़ी से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ट्रेन के तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री डिब्बों में फँस गए।
छत्तीसगढ़ में ऐसा है एसआईआर का कार्यक्रम
सूत्रों के मुताबिक, हादसे में अब तक 10 यात्रियों की मौत हो चुकी है, हालांकि प्रशासन ने अब तक 5 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। लोको पायलट की भी मृत्यु होने की सूचना है, जबकि लगभग एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं।
जैसे ही हादसे की सूचना मिली, रेलवे, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँच गईं। फँसे हुए यात्रियों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला जा रहा है। घायलों को बिलासपुर और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और बिलासपुर कलेक्टर से फ़ोन पर विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर लिखा —
“रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नज़र रखे हुए है। मैं दिवंगत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।”
हेल्पलाइन नंबर जारी
रेलवे ने यात्रियों की जानकारी के लिए निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
- कोरबा: 7869953330
- बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
- चांपा: 8085956528
- रायगढ़: 9752485600
- पेंड्रा रोड: 8294730162
जाँच के आदेश, रेल परिचालन प्रभावित
रेल मंत्रालय ने घटना की जाँच के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ़्टी (CRS) स्तर की समिति गठित की है। हादसे के बाद हावड़ा रूट पर रेल संचालन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है और कुछ को रद्द करना पड़ा है। (CG TRAIN ACCIDENT UPDATE)
मौके पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, आईजी और एसपी मौजूद हैं तथा राहत-बचाव कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा बिलासपुर–कटनी सेक्शन में उस समय हुआ जब कोरबा से आ रही पैसेंजर ट्रेन उसी पटरी पर चल रही मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी। (CG TRAIN ACCIDENT UPDATE)



