महासमुंद। बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र से सटे महासमुंद जिले के हरदी गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। तीन हाथियों का दल विचरण के दौरान अचानक एक गहरे कुएं में जा गिरा। इनमें एक शावक और दो वयस्क हाथी शामिल थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर बारनवापारा परिक्षेत्र के एसडीओ कृष्णु चंद्राकर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने तत्काल आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दो जेसीबी मशीनों की मदद से कुएं के किनारे रैंप बनाया गया, जिसके जरिए हाथियों को बाहर निकाला गया। करीब साढ़े तीन घंटे की मेहनत के बाद सभी हाथियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
बलौदा बाजार वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि हरदी गांव में एक शावक और दो वयस्क हाथियों के कुएं में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंची और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर रवाना कर दिया गया।
वन विभाग की टीम अब क्षेत्र में निगरानी रख रही है और ग्रामीणों को मुनादी कर हाथियों के पास न जाने की चेतावनी दी जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले 15 से 20 दिनों से बारनवापारा क्षेत्र में हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। दीपावली के दिन इसी क्षेत्र के हरदी गांव में एक वृद्ध कनकु राम की हाथी के हमले में मौत हो चुकी है। लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।



