रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, आमानाका पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ट्रक में नशीला पदार्थ रखकर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों — हरदीप कुमार और मनजीत सिंह (निवासी तरनतारन, पंजाब) — को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 34.60 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों से एक तौल मशीन, दो मोबाइल फोन और एक ट्रेलर वाहन भी जब्त किया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नशा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।



