गरियाबंद। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नकली दवाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गरियाबंद में बड़ी कार्रवाई की है। औषधि निरीक्षक ने शहर के एक मेडिकल स्टोर से संदिग्ध दवा का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था, जिसे अवमानक और नकली पाया गया।
जानकारी के अनुसार, औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने ‘बेस्टो कॉफ ड्राई कॉफ फार्मूला’ नामक दवा का नमूना लिया था, जिसके पैकेट पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। जांच के बाद औषधि परीक्षण प्रयोगशाला ने इस दवा को अवमानक घोषित किया। आगे की जांच में पता चला कि दवा के लेबल पर दर्ज निर्माता कंपनी ने इस दवा का निर्माण कभी किया ही नहीं था, यानी यह पूरी तरह नकली दवा थी।
इस आधार पर औषधि निरीक्षक ने कुलेश्वर मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स के संचालक सीताराम साहू को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह नकली दवाओं के व्यापार के विरुद्ध राज्य में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।



