दुर्ग। पुलगांव स्थित बाल संप्रेषण गृह से रविवार देर रात तीन नाबालिग बालक दीवार फांदकर फरार हो गए। ये तीनों बालक गंभीर आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त थे और न्यायालय के निर्देश पर सुधार गृह में रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, घटना रात के समय हुई जब तीनों नाबालिग करीब 10 फीट ऊंची दीवार पार कर संस्थान से भाग निकले। फरारी का पता चलते ही सुधार गृह प्रबंधन ने बाल संरक्षण विभाग और पुलगांव पुलिस को तत्काल इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है तथा बालकों की तलाश के लिए विशेष टास्क टीम बनाई गई है।
दुर्ग शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार नाबालिगों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की अलग टीम लगाई गई है और लगातार तलाश जारी है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन खोज अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या बच्चों को फरार होने में किसी बाहरी व्यक्ति की मदद मिली। बाल संप्रेषण गृह प्रबंधन से पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
गौरतलब है कि पुलगांव बाल संप्रेषण गृह से पहले भी कई बार फरारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है, वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि तीनों नाबालिगों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और सुरक्षा में हुई चूक पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।



