रायपुर। अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने एक दोस्ती को खून में बदल दिया। राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह जितनी हैरान करने वाली है, उतनी ही समाज के लिए चिंताजनक भी। आरोपी का दावा है कि मृतक उसके सपनों में आकर उसे जान से मारने की धमकी देता था।
पुलिस के अनुसार, छछानपैरी गांव निवासी श्याम कुमार ध्रुव (मृतक) की हत्या संजय नेताम ने की। सुबह करीब 11:30 बजे संजय, श्याम के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। इसी दौरान संजय ने जेब से चाकू निकालकर श्याम के पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल श्याम को परिजन आंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
श्याम के भाई कोमल ध्रुव ने बताया कि संजय को लंबे समय से यह भ्रम था कि श्याम उसके साथ जादू-टोना कर रहा है। संजय का कहना था कि श्याम से मिलने के बाद उसका हर काम बिगड़ जाता था और वह अक्सर सपनों में उसे मारने की धमकी देता था। इसी शक ने उसकी सोच को इतना विकृत कर दिया कि उसने हत्या की योजना बना ली।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि एक माह पहले भी संजय ने अपनी भाभी के साथ श्याम के घर जाकर उस पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद गांववालों ने बीच-बचाव किया था। तब मामला शांत हुआ था, लेकिन अंधविश्वास का बीज संजय के मन में गहराता गया। अंततः उसने श्याम की जान ले ली।
मुजगहन थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि यह अंधविश्वास से उपजी सनक की वारदात है, जो समाज में जागरूकता की कमी को उजागर करती है।



