रायपुर। छत्तीसगढ़ आज अपने स्थापना दिवस का जश्न मना रहा है, और इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की राजधानी रायपुर के एकदिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 7:35 बजे दिल्ली से रवाना हुए और सुबह 9:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
यह भी पढ़े :- देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह आज, 2 नवंबर से शुरू होगा शादियों का सीजन
एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं — आम नागरिकों के लिए केवल ड्रॉप सुविधा दी गई है, जबकि आसपास के गांवों में सशस्त्र जवानों का सुरक्षा घेरा बनाया गया है।

“दिल की बात” कार्यक्रम से करेंगे दौरे की शुरुआत
रायपुर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले सत्य साईं हॉस्पिटल जाएंगे, जहां वे “दिल की बात” कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम सुबह 10:00 से 10:35 बजे तक चलेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री जनता से संवाद करेंगे और स्वास्थ्य एवं जीवन मूल्यों पर अपने विचार साझा करेंगे।
ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में देंगे आध्यात्मिक संदेश
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10:45 से 11:30 बजे तक ब्रह्माकुमारी संस्थान में आयोजित विशेष सत्र में भाग लेंगे।
यहां वे आध्यात्मिकता, सकारात्मक सोच और समाज सेवा से जुड़े संदेश देंगे।
दोपहर में विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण
दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर में स्थित नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे।
इसके साथ ही वे ट्राइबल म्यूजियम का भी उद्घाटन करेंगे, जो छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान देगा।
नवा रायपुर को “नई छत्तीसगढ़ी पहचान” के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
राज्योत्सव कार्यक्रम में देंगे संबोधन
शाम को प्रधानमंत्री मोदी राज्योत्सव 2025 के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ पर वे जनता को संबोधित करेंगे और राज्य के विकास से जुड़ी कई नई परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं।
सुरक्षा और जनउत्साह दोनों चरम पर
राजधानी रायपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती है।
वहीं राज्यभर से आए लोग राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।



