रायपुर। चक्रवाती तूफान मोंथा का असर अब छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर और सरगुजा तक आसमान में बादल छाए हैं और रुक-रुककर हल्की बारिश जारी है। सुबह से ही फुहारों ने मौसम को सुहावना बना दिया है, वहीं मौसम विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग में झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़े :- राज्योत्सव की चकाचौंध में फंसे किसान! धान खरीदी से पहले पटवारियों की ड्यूटी पार्किंग में, एग्रीस्टेक पोर्टल ठप
मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। साथ ही, गरज-चमक और बिजली गिरने के भी आसार हैं।
चक्रवाती तूफान की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मोंथा तूफान फिलहाल जगदलपुर से लगभग 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। यह उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले कुछ घंटों में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेगा। इसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर पड़कर अवदाब (Low Pressure Area) में तब्दील हो जाएगा।
हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना
वैज्ञानिकों के अनुसार, आज प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज़ बिजली कड़कने और भारी वर्षा के साथ 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
दो दिन तक रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहेगा। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और मौसम में फिलहाल ठंडक बनी रहेगी।



