Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच बुधवार (29 अक्तूबर) को गया जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी चुनावी हिंसा की खबर सामने आई है। हम पार्टी (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार के काफिले पर दिघौरा पंचायत के दिघौरा गांव के पास घात लगाकर हमला किया गया।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर गोलीकांड का खुलासा: कांग्रेस नेता ने ही चलवाई थी गोली, सात आरोपी हथियारों के साथ गिरफ्तार
हमले में डॉ. कुमार के साथ उनके भाई मुन्ना शर्मा, अंगरक्षक और कई समर्थक घायल हो गए। गोलीबारी और पत्थरबाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
काफिले पर अचानक हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. अनिल कुमार जब अपने चुनावी काफिले के साथ दिघौरा गांव से गुजर रहे थे, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने पहले से घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद भारी पत्थरबाजी हुई। हमले में कई वाहनों के शीशे टूट गए और आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। डॉ. कुमार को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके अंगरक्षक और भाई को सिर व पीठ पर चोटें आईं। सभी घायलों को टिकारी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि डॉ. कुमार की हालत फिलहाल स्थिर है।
प्रशासन हरकत में, नौ गिरफ्तार – क्षेत्र में धारा 144 लागू
घटना की सूचना मिलते ही डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी आनंद कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उनके साथ सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल, डीएसपी सुशांत कुमार चंचल और एसडीओ प्रवीण कुंदन भी मौजूद थे।
पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है और अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है।
डीएसपी सुशांत कुमार चंचल ने बताया, “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। (Bihar Election 2025)
अस्पताल में समर्थकों की भीड़, विरोध प्रदर्शन
हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हम पार्टी के कार्यकर्ता और एनडीए समर्थक अस्पताल पहुंचे। वहां नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को संभाला।
जांच जारी है- जिला प्रशासन ने कहा है कि जैसे ही स्थिति पूरी तरह सामान्य होगी, हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (Bihar Election 2025)



