बीजापुर। माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत् अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना तर्रेम क्षेत्रान्तर्गत ग्राम गोटुमपल्ली के सघन जंगलों में पुलिस पार्टी को माओवादियों द्वारा निर्मित लगभग 15 फीट ऊंचा स्मारक मिला, जिसे सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह स्मारक माओवादियों ने अपने मारे गए साथियों की याद में ग्रामीणों पर दबाव डालकर बनवाया था। इस स्मारक का इस्तेमाल नक्सली ग्रामीणों में भय का वातावरण बनाए रखने और अपने संगठन के प्रचार के लिए करते थे।

इस अभियान में डीआरजी, थाना तर्रेम, केरिपु-153 एवं केरिपु-168 की संयुक्त टीम शामिल थी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिमपूर्ण इलाके में सुरक्षा बलों ने अत्यंत सतर्कता और साहस के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान से क्षेत्र में सक्रिय माओवादियों के मनोबल पर गहरा असर पड़ा है। वहीं, ग्रामीणों के बीच सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माओवादियों के विरुद्ध ऐसे प्रभावी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र को नक्सल हिंसा से पूर्ण रूप से मुक्त किया जा सके।



