रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में रविवार शाम हुई दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के चंद घंटों में ही पुलिस ने 4 आरोपियों और 1 अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। यह हमला पुरानी रंजिश को लेकर किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3 चाकू और एक सफेद रंग की कार जब्त की गई है।
घटना श्याम नगर स्थित कपूर होटल के पास की है, जहां मजदूरी करने वाला गोपाल निर्मलकर अपनी स्कूटी पर बैठा था। उसी दौरान सफेद कार में सवार जय नेताम, उसका भाई ओमप्रकाश नेताम और उनके साथी पहुंचे। कार रोककर सभी युवक हाथ में चाकू लेकर बाहर निकले और गोपाल पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर उसे घायल छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया –
अपराध क्रमांक 667/25, धारा 109, 3(5) बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
घटना को एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने गंभीरता से लिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपियों के सभी संभावित ठिकानों पर रेड मारी।
पुलिस की तेजी से कार्रवाई का नतीजा — कुछ ही घंटों में आरोपी जय नेताम, ओमप्रकाश नेताम, वैभव यादव, राहुल यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने पुरानी रंजिश के कारण हमला करने की बात कबूल की है।
जब्त सामान:
- 03 नग चाकू
- 01 सफेद रंग की चारपहिया कार
गिरफ्तार आरोपी:
- जय नेताम (20 वर्ष) – निवासी महावीर नगर, गुरु नानक कॉलोनी, गोल्डन टॉवर के पीछे
- वैभव यादव उर्फ वंशु (21 वर्ष) – निवासी श्याम नगर, क्रिश्चन कॉलोनी
- ओमप्रकाश नेताम (20 वर्ष) – निवासी महावीर नगर, गुरु नानक कॉलोनी
- राहुल यादव (20 वर्ष) – निवासी क्रिश्चन कॉलोनी, श्याम नगर
विधि के साथ संघर्षरत बालक
इस पूरी कार्रवाई में एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह, सीएसपी सिविल लाइन रामाकांत साहू, और थाना प्रभारी तेलीबांधा की टीम शामिल रही।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से और भी पुराने विवादों और आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जा रही है।



