रायपुर : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में जंगल में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत वन्य प्राणियों का शिकार करने के लिए लगाए गए करंट तार की चपेट में आने से हुई।
गरियाबंद में भाजपा नेताओं ने चाय दुकान में सुनी पीएम मोदी की ‘मन की बात’
जानकारी के अनुसार, जिवरी गांव की 41 वर्षीय घसनिन मांझी गुरुवार को घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शनिवार को कुछ ग्रामीण जंगल की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मौके से शिकार में इस्तेमाल किए गए करंट तार और अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस का मानना है कि शिकारियों ने जंगली जानवरों को मारने के लिए बिजली का जाल बिछाया था, जिसमें महिला अनजाने में फंस गई और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



