रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रिटिकल केयर पर आधारित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘क्रिटिकॉन रायपुर-2025’ में शामिल हुए।
अबूझमाड़ में फूड प्वाइजनिंग से 5 की मौत, सांसद कश्यप ने माओवादी और पूर्व सत्ताधारी जिम्मेदार ठहराए
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्रिटिकॉन रायपुर-2025 चिकित्सा विज्ञान, विशेषकर क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता का मंच है। यह देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एक साथ लाकर नई दिशा देने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन जीवन रक्षा की रीढ़ है, जो गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को नया जीवन देती है। राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अस्पतालों, क्रिटिकल केयर इकाइयों और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में मेडिसिटी और फार्मा हब का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य शहरों में भी नए अस्पतालों की स्थापना जारी है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रामकृष्ण केयर ग्रुप को इस राष्ट्रीय आयोजन के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब चिकित्सा उत्कृष्टता के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे अति महत्वपूर्ण विषय पर सम्मेलन की मेजबानी रायपुर के लिए गौरव की बात है। दो दिवसीय इस आयोजन से ऐसे नवाचार सामने आएंगे, जो मानव स्वास्थ्य उपचार में मील का पत्थर बनेंगे। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स तकनीक के उपयोग से चिकित्सा क्षेत्र में इलाज की नई संभावनाएं खुल रही हैं — यही नई तकनीक नए भारत की नई कहानी लिख रही है।
डॉ. सिंह ने कहा कि आपात स्थितियों में मरीजों को जीवनदान देने में क्रिटिकल केयर डॉक्टरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक जिले और बड़े अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकारें इस दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार आमजन के लिए बड़ी राहत है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाले देश-विदेश और प्रदेश के चिकित्सकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ वरुण खन्ना, तथा देश-विदेश और प्रदेश भर से आए 1300 से अधिक डॉक्टर उपस्थित थे।



