रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
लोककला पंडवानी छत्तीसगढ़ की आत्मा, इसे सहेजना हमारी जिम्मेदारी : CM साय
भाजपा के वरिष्ठ मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह अभियान दरअसल “भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग” देने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि “आधे से ज्यादा कांग्रेसी नेता जेल में हैं, टिकटों की खरीद-फरोख्त का खुला खेल चल रहा है।”
इसके जवाब में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रशिक्षण शिविर “नाच-गाने के अड्डे” बन चुके हैं, जहां महाराष्ट्र के “भ्रष्ट प्रशिक्षक” बुलाए जाते हैं। बैज ने कहा, “कांग्रेस का अभियान संगठन को मजबूत करने का प्रयास है, दिखावे का नहीं।
छठ पूजा पर भी सियासी तकरार
छत्तीसगढ़ रेलवे में छठ गीत बजाए जाने पर केदार कश्यप ने कहा कि यह आस्था का विषय है, राजनीति का नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि “वे संस्कृति और स्वच्छता को बढ़ावा दे रहे हैं।”
जवाब में बैज ने कहा कि भाजपा “छठ जैसे पवित्र पर्व को भी इवेंट बना रही है” और इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
शिक्षक भर्ती और EOW कार्रवाई पर कांग्रेस का हमला
बैज ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि “बीजेपी ने 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन अब तक केवल 5 हजार युवाओं को ही रोजगार मिला है। उन्होंने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के दावों को झूठा बताया और सरकार से “दो साल की भर्ती का हिसाब जनता के सामने रखने” की चुनौती दी। EOW की कार्रवाई को लेकर बैज ने कहा कि “यह विपक्ष को फंसाने का राजनीतिक खेल है। कांग्रेस अपनी बात कोर्ट में रखेगी।
ड्राइवर हड़ताल और राज्योत्सव पर भी सियासत
ड्राइवर संघ की हड़ताल को कांग्रेस ने खुला समर्थन दिया है। बैज ने कहा कि “गली-गली में शराब बिक रही है” और जनता की मांगों की अनदेखी हो रही है। राज्योत्सव पर भी उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “धान खरीदी रुकी है, इलाज के लिए लोग भटक रहे हैं, लेकिन सरकार ‘मोदी प्रदर्शनी’ में व्यस्त है… मोगैंबो खुश है, फिल्म हिट है, और नई स्क्रिप्ट भी तैयार!”



