लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले की पुलिस ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ में सक्रिय एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 96 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और वाहन सहित कुल 27 लाख 42 हजार रुपए का सामान बरामद किया है।
यह कार्रवाई थाना देवभोग और अमलीपदर क्षेत्र में दर्ज कुल चार चोरी के मामलों में की गई। गिरोह के सदस्य ओडिशा के नवरंगपुर और रायपुर जिले के रहने वाले हैं।

एसपी गरियाबंद ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच के लिए एसडीओपी मैनपुर विकास पाटले के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने देवभोग, चांदाहांडी (ओडिशा) और परसदा (रायपुर) में दबिश दी।
मुख्य आरोपी सूरज बारिक ने पूछताछ में चोरी की वारदातों में अपनी और पांच अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों ने चोरी के मोबाइल और आभूषण ओडिशा व रायपुर में छिपाने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- 96 मोबाइल फोन (कीमत ₹12,10,400)
- सोने-चांदी के आभूषण व मूर्तियां (कीमत ₹8,45,120)
- नकद ₹57,000
- मारुति ब्रेजा कार और हीरो पैशन प्रो बाइक (कीमत ₹6,30,000)
बरामद की हैं।
फिलहाल सभी छह आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि मुख्य सरगना दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री फरार है। उसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
भुवनेश्वर बारिक, लिंगराज नेताम, भूपेंद्र नेताम, सूरज बारिक, देवाशीष राउत (सभी नवरंगपुर, ओडिशा) और प्रीत मिस्त्री (परसदा, रायपुर)।
फरार आरोपी: दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री (परसदा, रायपुर)।



