रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान कच्चापाल स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
उन्होंने आश्रम के प्राचार्य स्वामी वसुदानंद से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और आश्रम में संचालित शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा की।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने आश्रम में अध्ययनरत बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। बच्चों से रोचक बातचीत में उन्होंने उनके प्रश्नों के त्वरित और सटीक उत्तर सुनकर प्रसन्नता व्यक्त की। शर्मा ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया। बच्चों ने पहली बार अपने बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री को पाकर उत्साह और आनंद व्यक्त किया।
उन्होंने बच्चों को लगन से पढ़ाई करने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार हर बच्चे तक अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं।”



