रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर महिला शोषण के मामलों की जांच में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आईपीएस रतनलाल डांगी पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है, उसी तरह भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया पर उनकी नाबालिग बेटी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
धान की फसल तैयार, सरकार 1 नवंबर से खरीदी शुरू करे : दीपक बैज
ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या प्रदेश में भाजपा नेताओं के लिए अलग कानून और आम नागरिकों के लिए अलग कानून है? उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पर आरोप लगते ही जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है, जबकि अन्य मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या पीड़िताओं की गुहार सिर्फ इसलिए नहीं सुनी जा रही क्योंकि आरोपी भाजपा से जुड़ा है?”
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार अक्सर कहती है कि “कानून से ऊपर कोई नहीं,” लेकिन राहुल टिकरिया प्रकरण में वही सरकार मौन है। उन्होंने पूछा कि महिला आयोग के समक्ष आरोपी अब तक उपस्थित क्यों नहीं हुए और सरकार ने प्रेस वार्ता में लगाए गए गंभीर आरोपों का स्वतः संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की?
ठाकुर ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि भाजपा के मंत्री और नेता पीड़िता को ही दोषी ठहराने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौन साधे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि आईपीएस डांगी प्रकरण की तरह ही राहुल टिकरिया मामले की भी निष्पक्ष जांच हो, भाजपा संगठन आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करे और पीड़िता को न्याय दिलाए।



