बिलासपुर। शहर में अपराधियों के हौसले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। रिवर व्यू रोड पर दो गुटों के युवकों के बीच बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। लात-घूंसे चलने के साथ ही एक युवक को जमीन पर पटकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित चार युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
झगड़ा गाली-गलौज से बढ़कर मारपीट तक पहुंचा
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नागेश बंजारे अपने मित्रों के साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान लाला राजक और संदीप कश्यप मोटरसाइकिल से पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जो हाथापाई में बदल गया।
घटना में शामिल युवकों के बीच झगड़े का वीडियो राहगीरों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। लाला राजक की शिकायत पर नागेश बंजारे और एक नाबालिग के खिलाफ अपराध क्रमांक 1265/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 126(2), 296, 351(2), 115(2), 3(5) में अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, सार्थी खरे की रिपोर्ट पर लाला राजक और संदीप कश्यप के विरुद्ध भी समान धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
नाबालिगों पर विधिसम्मत कार्रवाई
घटना में शामिल दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने बताया कि दो नाबालिग युवकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
मारपीट में युवकों को पैरों में चोटें आई हैं, जिनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो की भी फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी की जा रही है।



