कोरबा। एसईसीएल गेवरा माइंस में रोजगार, पुनर्वास और मुआवजा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे भू-विस्थापितों पर सीआईएसएफ जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित प्रदर्शनकारी दीपका थाना पहुंचे और आरोपित जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
“किसी को बख्शा नहीं जाएगा”- IPS डांगी प्रकरण पर बोले CM साय
मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में गेवरा क्षेत्र के प्रभावित गांवों के लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस और सीआईएसएफ बल तैनात था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार्ता की प्रक्रिया के दौरान एक सीआईएसएफ अधिकारी द्वारा प्रदर्शनकारियों से अभद्र व्यवहार किए जाने के बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि उसी दौरान जवानों को लाठीचार्ज का आदेश दिया गया, जिसके बाद भीड़ में अफरा-तफरी मच गई।
लाठीचार्ज में कई ग्रामीणों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने थाने में सीआईएसएफ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भू-विस्थापितों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।



