रायपुर। छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी नवा रायपुर का आसमान 5 नवंबर को एक ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बनेगा। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) अपने रोमांचक करतबों से छत्तीसगढ़वासियों को गर्व, उत्साह और देशभक्ति की भावना से भर देगी। यह शो रजत जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण होगा।
छत्तीसगढ़ में धूमधाम से मनाई गई गौरा-गौरी पूजा, आज निकाली जा रही शोभा यात्रा और हो रहा विसर्जन

राज्य के आकाश में गूंजेगा भारतीय शौर्य
राज्य स्थापना की रजत जयंती के मौके पर होने वाला यह एरोबैटिक शो छत्तीसगढ़ की प्रगति, आत्मविश्वास और नई उड़ान का प्रतीक बनेगा। नवा रायपुर के आसमान में जब सूर्यकिरण टीम उड़ान भरेगी, तब ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट-इन-द-स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी शानदार फॉर्मेशन से आसमान देशभक्ति के रंगों से भर उठेगा। राज्य शासन और भारतीय वायुसेना के संयुक्त प्रयासों से आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

जनसहभागिता से सजेगा रजत जयंती का उत्सव
रायपुर और आसपास के जिलों से हजारों नागरिक, विद्यार्थी और परिवार इस ऐतिहासिक एयर शो को देखने नवा रायपुर पहुँचेंगे।
यह कार्यक्रम जनसहभागिता, राष्ट्रीय गौरव और अनुशासन का जीवंत उदाहरण बनेगा। सूर्यकिरण एरोबैटिक शो सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि यह भारतीय वायुसेना की सटीकता, तकनीकी दक्षता और शौर्य का प्रतीक है।

आत्मनिर्भर भारत की उड़ान
1996 में गठित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम भारतीय वायुसेना के अनुशासन, साहस और समन्वय की प्रतीक है। टीम ने अपनी यात्रा HJT-16 Kiran Mk-II विमान से शुरू की थी और अब स्वदेशी HAL Hawk Mk-132 Advanced Jet Trainer पर उड़ान भरती है — यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ की तकनीकी प्रगति का भी परिचायक है।
विश्वस्तर पर भारत का गौरव
सूर्यकिरण टीम ने अब तक भारत और विदेशों में 700 से अधिक प्रदर्शन किए हैं। श्रीलंका, दुबई, सिंगापुर, ब्रिटेन और थाईलैंड जैसे देशों में अपने हवाई करतबों से इस टीम ने भारत की तकनीकी क्षमता का परचम लहराया है। टीम ने सिंगापुर एयर शो, दुबई एयर शो और थाई एयर फोर्स की वर्षगांठ जैसे आयोजनों में भी शानदार प्रस्तुतियाँ दी हैं।
खेल और संस्कृति से जुड़ा गौरवपूर्ण अध्याय
2023 में सूर्यकिरण टीम ने क्रिकेट विश्वकप के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ऊपर अपने करतबों से पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया था — खेल और सैन्य गौरव के इस संगम ने देश को नई ऊँचाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा
“यह छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गौरव का अवसर है कि भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम हमारे रजत जयंती समारोह का हिस्सा बनेगी। यह शो राज्य के विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव की उड़ान का प्रतीक बनेगा। मैं प्रदेशवासियों से आह्वान करता हूँ कि वे इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और हमारे वीर वायुसैनिकों को सलाम करें।”



