रायपुर। दीपावली पर्व के दौरान अपराध नियंत्रण, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने जिलेभर में सख्त अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पिछले दो दिनों में 91 से अधिक आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 6 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। इसके अलावा 4 मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन जब्त किए गए।
CG NEWS : दिवाली की रात जुआ खेलने वालों पर गिरी पुलिस की गाज, 236 जुआरी गिरफ्तार, 200 बाइक जब्त
पुलिस ने बताया कि नवा रायपुर और नेशनल हाईवे मार्गों पर पटाखे फोड़कर यातायात बाधित करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। दीपावली के दौरान पुलिस लगातार दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रही और इलाकों में गश्त, अपराधियों की धरपकड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

रायपुर पुलिस की सतर्कता से इस वर्ष दीपावली के दौरान अपराधों में पिछले वर्ष की तुलना में स्पष्ट कमी दर्ज की गई है।
गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई
हाल ही में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चाकूबाजी और लूट की घटनाओं में भी पुलिस ने तेजी दिखाई—
- आजाद चौक: 2 प्रकरण, 4 आरोपी गिरफ्तार
- डीडी नगर: 1 प्रकरण, 3 आरोपी गिरफ्तार
- टिकरापारा: 1 प्रकरण, 1 आरोपी गिरफ्तार
- तेलीबांधा: 1 प्रकरण, 2 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
- अभनपुर: 1 प्रकरण, 1 आरोपी गिरफ्तार
इसी तरह सिलतरा चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति से चाकू की नोक पर मोबाइल और ₹1500 लूटे जाने की घटना के दो घंटे के भीतर ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया।
घायलों के इलाज में तत्परता
पुलिस ने सभी घटनाओं में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही घायलों के बेहतर इलाज का विशेष ध्यान रखा। घायलों को AIIMS जैसे उच्च चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया। सभी घायलों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
आगजनी और ट्रैफिक प्रबंधन पर भी तत्परता
पिछली रात भानपुरी क्षेत्र में आगजनी की घटना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने तत्काल पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दीपावली के दौरान पुलिस ने व्यस्त बाजारों में यातायात और सुरक्षा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया।
आगामी पर्वों के लिए अपील
रायपुर पुलिस ने आगामी मातर पर्व और गौरा-गौरी विसर्जन के अवसर पर शांति एवं सुरक्षित आयोजन की अपील की है।
साथ ही नागरिकों से अवैध शराब बिक्री या भंडारण न करने, नशा कर जुलूस या विसर्जन में शामिल न होने की सलाह दी है।
पुलिस का आभार और संकल्प
- रायपुर पुलिस ने शहरवासियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है और कहा है कि -“सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के विरुद्ध हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”



