रायपुर. राजधानी रायपुर के गुरु गोविंद सिंह वार्ड नंबर 29, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेहरा कॉलोनी के मैदान में नशेबाजों और अपराधियों का मनोबल थमता नजर नहीं आ रहा है। कॉलोनी मैदान के पास एक युवक ने खुलेआम चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश की।
रहवासियों ने बताया कि इस मैदान में नशेबाजों और असमाजिक तत्वों का हर वक्त डेरा जमा रहता है जिससे ये इस खौंफ में रहते हैं कि कब क्या घटना घट जाये। हर वक्त नशें में यहां डेरा जमायें असमाजिक तत्व रहवासियों को डराते धमकाते रहते हैं और नशें के लिए पैसों की मांग करते हैं नहीं देने पर मारपीट करने लग जाते हैं।
आज भी एक मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इस कालोनी में हुई चाकूबाजी की घटना का विडियो भी बना लिया गया और वीडियो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि कुणाल नामक युवक हाथ में चाकू लेकर आसपास के लोगों को धमका रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड में नशेबाजों और असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आम नागरिक भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। कुछ दिनों पहले ही इसी वार्ड से तीन लोग अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े थे। बावजूद इसके अपराध की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। रहवासियों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि “रोज नशे में लोग झगड़ा करते हैं, चाकू दिखाकर धमकाते हैं, पुलिस भी कुछ नहीं कर रही।” लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वार्ड में गश्त बढ़ाई जाए और नशे के अड्डों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में फिर से शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।



