रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के 25 साल पूरे होने के मौके पर इस बार राजधानी रायपुर का आसमान देशभक्ति और रोमांच से गूंज उठेगा। पहली बार नवा रायपुर के सेन्ध तालाब के ऊपर भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम’ (Surya Kiran Aerobatic Team) अद्भुत एयर शो पेश करेगी।
दीपक बैज का सियासी वार: बिहार चुनाव से लेकर नक्सलवाद तक भाजपा पर कांग्रेस का हमला
यह भव्य प्रदर्शन 5 नवंबर की सुबह होगा, जिसमें 9 फाइटर जेट्स एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए शानदार एयरोबेटिक स्टंट्स और फॉर्मेशन फ्लाइंग से दर्शकों का दिल जीतेंगे। करीब 40 मिनट तक चलने वाला यह शो छत्तीसगढ़ की ‘रजत जयंती’ को एक यादगार अनुभव में बदल देगा।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है। वहीं, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि यह एयर शो छत्तीसगढ़ के गौरवशाली 25 वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा का प्रतीक बनेगा।
विशेष आकर्षण और तैयारियाँ
3 नवंबर को सूर्यकिरण टीम रायपुर पहुंचेगी।
4 नवंबर को छात्रों के लिए खास रिहर्सल शो रखा गया है, ताकि स्कूली बच्चे करीब से वायुसेना की शौर्यगाथा देख सकें।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मुख्य पार्किंग ज़ोन बनाया गया है।
सेन्ध तालाब के किनारे व्यूइंग जोन, सुरक्षा बैरिकेड और एयरक्राफ्ट हैंगर तेजी से तैयार किए जा रहे हैं।
पुलिस, विमानन विभाग और नवा रायपुर प्रशासन मिलकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम कर रहे हैं।
इतिहास दोहराएगा रायपुर
सूर्यकिरण टीम इससे पहले 2009 में रायपुर आई थी, जब बूढ़ातालाब के ऊपर एयर शो ने पूरे शहर को मंत्रमुग्ध कर दिया था। अब 16 साल बाद, यह टीम एक बार फिर रायपुर के आसमान में देश की शक्ति और सटीकता का प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम विवरण
- एयर शो की तारीख: 5 नवंबर 2025
- स्थान: सेन्ध तालाब, नवा रायपुर
- जेट्स की संख्या: 9
- अवधि: लगभग 40 मिनट
- रिहर्सल शो: 4 नवंबर (छात्रों के लिए ओपन)



