नासिक। महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। छठ पूजा मनाने बिहार लौट रहे तीन यात्री ट्रेन से गिर गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
नदी में डूबने से 11 साल के मासूम की दर्दनाक मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज जारी है।
ट्रेन स्टेशन पर नहीं रुकी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, कर्मभूमि एक्सप्रेस मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बिहार के रक्सौल जा रही थी। यह ट्रेन नासिक रोड स्टेशन पर नहीं रुकती, लेकिन स्टेशन प्रबंधक ने कुछ ही देर बाद रेलवे विभाग को सूचना दी कि ट्रेन छूटने के बाद ढिकले नगर इलाके में तीन युवक ट्रेन से गिर गए हैं।
मृतकों और घायल की पहचान नहीं
नासिक रोड पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पता चला कि भुसावल की ओर जाने वाले ट्रैक पर किलोमीटर 190/1 और 190/3 के बीच दो युवक ट्रेन से गिर गए। उनके शव बरामद किए गए, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस ने उसके इलाज के लिए एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो पाई है।
छठ पूजा के चलते भारी भीड़ और सुरक्षा सवाल
त्योहारों के मौसम में मुंबई से उत्तर भारत जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ होती है। रेलवे और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे का कारण यात्रियों की भीड़ और ट्रेन में जल्दबाजी हो सकती है।
नासिक रोड जीआरपी और रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



