रायपुर। दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने जनता को बड़ा उपहार दिया है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (PMUY) के तहत देशभर में 25 लाख नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें छत्तीसगढ़ को 2 लाख 23 हजार नए कनेक्शन का लक्ष्य मिला है।
शिक्षक ने प्राचार्य की कॉलर पकड़कर मारपीट की, शिक्षा विभाग में हड़कंप
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
15 दिनों में मिलेंगे नए कनेक्शन
प्रत्येक जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उज्जवला समिति गठित की जाएगी। यह समिति आवेदनों की निगरानी कर 15 दिनों के भीतर पात्र हितग्राहियों को कनेक्शन उपलब्ध कराएगी। आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया अगले 7 दिनों में शुरू होगी।
नक्सल प्रभावित जिलों को प्राथमिकता
बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित जिलों के पात्र परिवारों को पहले चरण में कनेक्शन दिए जाएंगे। इन इलाकों में विशेष शिविर लगाकर 34,425 परिवारों के आवेदन लिए जाएंगे।
पात्रता के लिए तय मानक
योजना के अंतर्गत उन्हीं परिवारों को लाभ मिलेगा जिनकी मासिक आय 10,000 रुपए से कम है। सरकारी नौकरी वाले, 30 वर्ग मीटर से अधिक मकान, चार पहिया वाहन या मोटरबोट के मालिक, 7.5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसान, या जिनके पास पहले से गैस कनेक्शन है — उन्हें योजना से बाहर रखा गया है।



