रायपुर। राजधानी रायपुर में देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों का जमावड़ा होने जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) नवा रायपुर में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस तीन दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों होगा।
सम्मेलन में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के गृह सचिव, डीजीपी और आईजीपी शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सम्मेलन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने और उच्चस्तरीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सम्मेलन में आने वाले डेलीगेट्स के आवागमन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और आवास व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने रायपुर सर्किट हाउस, प्रशासन अकादमी और अन्य संभावित स्थलों पर अतिथियों के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



