काबुल / इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर गहरा गया है। दोनों देशों ने शुक्रवार को 48 घंटे के युद्धविराम (Ceasefire) को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद संघर्ष फिर भड़क उठा। अफगान तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर पक्तिका प्रांत में हवाई हमले करने का आरोप लगाया है। इन हमलों में तीन अफगानी क्रिकेटरों की मौत हो गई है।
हमले में तीन क्रिकेटरों की मौत
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने बयान जारी कर बताया कि पक्तिका के उरगुन जिले में हुए पाकिस्तानी हवाई हमले में तीन स्थानीय क्रिकेटरों — कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून — की मौत हो गई। बोर्ड के मुताबिक, इस हमले में कुल आठ लोगों की जान गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं।
धनतेरस कल: नोट कर लें पूजा विधि, मंत्र और सोना-चांदी व वाहन खरीदने का सबसे शुभ समय
ये खिलाड़ी पक्तिका की राजधानी शराना में एक फ्रेंडली मैच खेलने गए थे। मैच के बाद वे अपने घर लौट रहे थे और उरगुन जिले में एक स्थानीय सभा में मौजूद थे, तभी पाकिस्तानी विमानों ने इलाके पर बमबारी कर दी।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जताया दुख

ACB ने बयान में कहा, – “यह अफगानिस्तान के खेल जगत और क्रिकेट परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। अल्लाह (SWT) शहीदों को जन्नत में ऊंचा दर्जा दे, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे और परिवारों को इस कठिन समय में सब्र व शक्ति दे।”
बोर्ड ने इस त्रासदी के बाद आगामी त्रिकोणीय टी20 सीरीज़, जिसमें पाकिस्तान और श्रीलंका भी शामिल थे, से भागीदारी रद्द करने का फैसला किया है। यह सीरीज़ नवंबर के आखिर में खेली जानी थी।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
अफगान कप्तान राशिद खान और तेज गेंदबाज़ फज़लहक फारूकी ने सोशल मीडिया पर हमले की कड़ी निंदा की। राशिद ने लिखा,
“यह हमला सिर्फ हमारे नागरिकों पर नहीं, बल्कि उन युवाओं पर है जो विश्व मंच पर अफगानिस्तान का नाम रोशन करने का सपना देखते थे। नागरिकों और खिलाड़ियों पर हमले की कोई भी वजह जायज़ नहीं हो सकती।”
सीमा पर बढ़ता तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर हाल के दिनों में झड़पें तेज हुई हैं। इस्लामाबाद का कहना है कि उसने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों को निशाना बनाया है, जबकि काबुल का दावा है कि हमले से निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले सप्ताह से जारी इन झड़पों में अब तक 18 लोगों की मौत और 360 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।



