दुर्ग। जिले के चरोदा बस्ती में मामूली विवाद ने सोमवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। चार आरोपियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया और उसकी दो बाइकों में आग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक हेमराज साहू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना भिलाई थाना क्षेत्र की है।
आक्रोशित लोगों ने थाने का किया घेराव
घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रात में ही थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर भीड़ को शांत कराया।
चारों आरोपी गिरफ्तार, सभी पुराने बदमाश
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों –
भवानी शंकर तिवारी, कालू ठाकुर, दुर्गेश कुमार यादव और किशन यादव — को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी इलाके के कुख्यात अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
वारदात का सीन रिक्रिएशन कराया गया
16 अक्टूबर की सुबह पुलिस ने आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर वारदात का सीन रिक्रिएशन (पुनर्निर्माण) कराया। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने किस तरह विवाद के बाद युवक पर हमला किया और वाहनों में आग लगाई।
डीएसपी हेमप्रकाश नायक ने बताया कि चारों आरोपी चरोदा बस्ती के कुख्यात बदमाश हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



