बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से खाकी पर कलंक लगाने वाला मामला सामने आया है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के एक आरक्षक गजपाल जांगड़े पर आरोप है कि उसने एक ग्रामीण से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी और उसे जेल भेजने की धमकी दी। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ने जमीन गिरवी रखकर 1 लाख 5 हजार रुपए देने पड़े, और इस पूरी वसूली का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
एंटी नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता, जंगल से मिला नक्सलियों का सामान

मामला मानिकचौरी गांव का है। ग्रामीण जोगी नायक ने शिकायत में बताया कि 6 अक्टूबर की शाम उसे हेड कांस्टेबल हरवेंद्र खूंटे ने पचपेड़ी थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया, जहां आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल मौजूद थे। चारों ने मिलकर उसे धमकाया कि उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। साथ ही 50 लीटर शराब जब्त करने और कार्रवाई का हवाला देकर ऊपर से आदेश आने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने “मामला निपटाने” के बदले 2 लाख रुपए की डिमांड की। डर के मारे जोगी नायक ने 1 लाख 5 हजार रुपए में सौदा तय किया। उसके पास नकदी नहीं थी, इसलिए उसने अपनी जमीन गिरवी रखकर पैसे का इंतजाम किया और आरक्षक गजपाल जांगड़े को घर बुलाकर रकम सौंपी।
इस दौरान पीड़ित ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि जोगी नायक की पत्नी रजनी नायक नोटों की गड्डी आरक्षक को दे रही है, जिसे वह बैठकर गिन रहा है। एक और गड्डी महिला के हाथ में दिखाई दे रही है।
पीड़ित जोगी नायक ने अब मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच और आरोपी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल वीडियो के वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आला अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच में जुट गए हैं।



