रायपुर। थाना सरस्वती नगर क्षेत्र के साईंस कॉलेज छात्रावास में छात्रों के साथ हथियार और डंडे से मारपीट करने वाले 4 फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस प्रकरण में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना 12 अक्टूबर 2025 की रात करीब 11:45 बजे की है। प्रार्थी उमादास मुखर्जी ने बताया कि 50-60 लोगों का एक गैंग छात्रावास में घुसा और छात्रों के साथ हाथ-मुक्का, डंडा और चाकू से मारपीट की। साथ ही छात्रावासियों का सामान चोरी कर आरोपियों ने फरार हो गए।
इस संबंध में थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 246/25 के तहत धारा 115(2), 191(2), 191(3), 333, 304(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें मोनेश उर्फ मोन्टू केसरकर, धर्माशुं सोनपिपरे, गेबिन यादव, प्रतीक यादव, आकाश गुप्ता उर्फ बाबू और थानेश्वर उर्फ सोनू साहू शामिल हैं।
इसके बाद टीम ने फरार आरोपियों की पतासाजी की और महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया:
गिरफ्तार आरोपी:
- रोशन वागिरे, पिता किशोर वागिरे, उम्र 19, सा. शिव मंदिर के पास कोटा महंत तालाब।
- अरबान खान उर्फ टिन्टू, पिता अल्फाज खान, उम्र 18, महंत तालाब, कृष्णा नगर कोटा।
- मनीष तिवारी, पिता स्व. विनोद कुमार तिवारी, उम्र 20, कृष्णा नगर कोटा।
- हाफिजुद्दीन उर्फ फैज, पिता भामीमुद्दीन, उम्र 19, संजय नगर गौसिया चौक, टिकरापारा।
पुलिस ने बताया कि बचे हुए फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है और छात्रावास में भविष्य में किसी भी प्रकार की हिंसा रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



