कांकेर। जिले के चारामा पुलिस ने शासकीय भूमि पर अवैध रूप से वन अधिकार पट्टा प्राप्त करने के फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम पंचायत मयाना की पूर्व सरपंच के पति जीवन ठाकुर, उनका पुत्र नीरज पोया और ग्राम के पूर्व सरपंच शोप सिंह शामिल हैं।
साइंस कॉलेज हॉस्टल में घुसे 50 बाहरी युवक, छात्रों से की मारपीट
जानकारी के अनुसार, मयाना गांव के कुछ ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), चारामा को शिकायत सौंपी थी कि कुछ लोगों ने जालसाजी कर सरकारी भूमि पर कब्जा जमाने के लिए फर्जी वन अधिकार पट्टा बनवाया है। शिकायत की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने कूट रचना और जाली दस्तावेजों का उपयोग कर वन अधिकार मान्यता पत्र तैयार कराया, जिससे शासन को करीब ₹5,17,773 की आर्थिक क्षति हुई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह फर्जीवाड़ा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच के कार्यकाल के दौरान किया गया था। उसी समय कुछ व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से पट्टा जारी किया गया था।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले की शिकायत पहले भी कलेक्टर को की जा चुकी थी, और इसे लेकर गांव में कई बार विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी।



