कोरबा। हरियाणा की मशहूर डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम के दौरान कोरबा के जश्न रिजॉर्ट में बवाल हो गया। भारी भीड़ और हंगामे के कारण कार्यक्रम ढाई घंटे की जगह सिर्फ एक घंटे में समाप्त करना पड़ा।
EPFO का बड़ा फैसला: PF अकाउंट से अब निकाल सकेंगे 100% रकम
रिजॉर्ट संचालक चरणजीत सिंह की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। आरोप है कि ये लोग सपना चौधरी के कमरे तक पहुंचे, दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, गालियां दीं और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद रिजॉर्ट में तोड़फोड़ की गई और सीसीटीवी का डीवीआर व 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
दूसरी ओर, आरोपियों में से अनिल द्विवेदी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई। उनका कहना है कि जब वे सपना चौधरी को बधाई देने पहुंचे, तो रिजॉर्ट कर्मियों ने उन्हें रोका और मारपीट कर उनके गले से पांच तोला सोने की चैन लूट ली।
एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सपना चौधरी ने पुलिस और मीडिया को भेजे पत्र में कहा कि अगर मौके पर पुलिस और रिजॉर्ट मालिक करनदीप सिंह मदद नहीं करते तो उनकी जान खतरे में पड़ सकती थी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



