रायपुर/नागपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की नागपुर मंडल टास्क टीम ने 11 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 12855 बिलासपुर-ईतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगभग 3.37 करोड़ रुपये मूल्य की सोने और चांदी की ज्वेलरी बरामद की। यह कार्रवाई आमगांव और गोंदिया के बीच स्लीपर कोच S-06 में की गई।
सूचना मिलने पर RPF ने गोंदिया स्टेशन पर एक संदिग्ध यात्री नरेश पंजवानी (55 वर्ष), निवासी श्रीनगर, गोंदिया, की तलाशी ली। जांच में उसके थैले से 2.683 किलो सोने की ज्वेलरी (लगभग 3.27 करोड़ रुपये) और 7.44 किलो चांदी की ज्वेलरी (लगभग 10.44 लाख रुपये) बरामद हुई। नरेश बरामद सामान का कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद मामला राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI), नागपुर को सौंपा गया, जिसने सोना-चांदी जब्त कर कस्टम एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।




