रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे पर हैं। एयरपोर्ट से रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में बिहार चुनाव में इंडिया गठबंधन (I.N.D.I.A Alliance) में सीट शेयरिंग पर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे पर चर्चा अंतिम चरण में है और एक-दो दिन में इसका ऐलान हो जाएगा।
इस अवसर पर भूपेश बघेल ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में धान खरीदी को लेकर सरकार पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले साल का धान अब तक उठाया नहीं गया है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार को बताना चाहिए कि कितना धान बिका और कितना डीओ काटा गया। भूपेश बघेल ने कहा कि कलेक्टरों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि नियमों में बदलाव सरकार ने किया है। पहले धान 72 घंटे में उठ जाना चाहिए था, अब इसे तीन महीने तक ले जाने की अनुमति है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “ऐसे में कलेक्टर क्या कर सकता है… क्या वह अपने सर पर धान लाद कर ले जाएगा?”
इसके अलावा उन्होंने डीएफओ की जिम्मेदारी पर भी टिप्पणी की और कहा कि “रेत से पेट नहीं भरा तो जंगल की ओर जा रहे हैं।”
भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यकाल की याद दिलानी चाहिए और आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकाल में अधिकारी भ्रष्ट और बड़बोले हो गए थे, जिनमें से कई अब जेल में हैं। धान खरीदी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसान हितैषी नहीं बल्कि व्यापारी-केंद्रित रही है, और इसी कारण आबकारी विभाग में बड़ा घोटाला हुआ।
दिल्ली दौरे के दौरान भूपेश बघेल कांग्रेस हाईकमान से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि वे कोल घोटाले में धारा 164 के उल्लंघन के मामलों पर वरिष्ठ नेताओं को जानकारी देंगे और अधिकारियों व न्यायालय के बीच कथित साठगांठ के मामले की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।



