रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज हॉस्टल में रविवार देर रात बाहरी युवकों ने जमकर उत्पात मचाया।
हॉस्टल परिसर में घुसकर 40-50 अज्ञात युवकों ने छात्रों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इस हमले में कई छात्र घायल हुए हैं।
मंत्री के PA का सड़क पर बर्थडे धमाल! दर्ज हुई FIR
घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने रात में ही सरस्वती नगर थाने का घेराव कर नारेबाजी की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, देर रात दो युवक दो युवतियों के साथ नशे की हालत में हॉस्टल परिसर में पहुंचे और वहां पेशाब करने लगे।
हॉस्टल में मौजूद छात्रों ने इसका विरोध किया तो दोनों युवक वहां से चले गए। कुछ देर बाद वे करीब 40-50 लोगों के साथ लौटे और हॉस्टल में घुसकर तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी।
छात्रों में आक्रोश – सुरक्षा पर उठे सवाल
मारपीट के बाद घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना से नाराज छात्रों ने कहा कि – “ऐसी घटनाएं बार-बार होती हैं, लेकिन प्रशासन कोई कदम नहीं उठाता।”
छात्रों ने हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड की तैनाती, CCTV कैमरे और गेट लगवाने की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल पूरी तरह खुला है, जिससे बाहरी लोग आसानी से अंदर घुस जाते हैं।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
सरस्वती नगर थाना प्रभारी के अनुसार, “घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। CCTV फुटेज और छात्रों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”



