दुर्गापुर (प. बंगाल)। पश्चिम बंगाल में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ अस्पताल परिसर के पास दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना 2024 के आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले की याद दिलाती है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।
मुख्यमंत्री साय आज लेंगे छत्तीसगढ़ के सभी कलेक्टरों की क्लास
सूत्रों के मुताबिक, ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली यह छात्रा दुर्गापुर के शोभापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने एक पुरुष मित्र के साथ कैंपस के बाहर गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसे गेट के पास से घसीटकर पीछे के सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने कॉलेज कर्मियों और पीड़िता के दोस्त सहित कई लोगों से पूछताछ शुरू की है।
‘कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था नहीं’
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में सुरक्षा के कोई इंतज़ाम नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी की हालत देखकर मैं दंग रह गया। अस्पताल प्रशासन ने कोई मदद नहीं की। उसे कैंपस से बाहर बुलाया गया और जब वह पहुँची तो कुछ लोगों ने हमला कर दिया।”
परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल छीन लिया और उसे वापस करने के लिए तीन हजार रुपये की मांग की।
राज्य सरकार पर सवाल
घटना के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वेस्ट बंगाल डॉक्टर्स फ्रंट (WBDF) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बताता है कि राज्य में महिलाएँ अब कैंपसों में भी सुरक्षित नहीं हैं। संगठन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश से स्वतः संज्ञान लेकर न्यायिक जांच की मांग की है।
वहीं, भाजपा ने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है।



