लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले के मैनपुर ब्लॉक के मैनपुर खुर्द ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव द्वारा जारी एक तुगलकी फरमान ने ग्रामीणों में आक्रोश भड़का दिया है। सचिव ने आदेश जारी करते हुए कहा कि जब तक ग्रामीण टैक्स (कर) नहीं भरेंगे, तब तक उन्हें पीडीएस दुकान से राशन नहीं मिलेगा।

इस फरमान के बाद पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने इसे गरीबों के हक पर डाका बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन किसी भी स्थिति में रोका नहीं जा सकता, लेकिन पंचायत सचिव ने कानून की अनदेखी करते हुए मनमानी की है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सचिव ने मौखिक और लिखित रूप से राशन वितरण रोकने की बात कही है। इससे सैकड़ों गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि शासन की योजनाओं को लागू करने के बजाय सचिव अपनी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राशन केंद्र सरकार की योजना है, तो स्थानीय स्तर पर इस तरह का फरमान कैसे जारी किया जा सकता है।



