रायपुर। थाना अभनपुर क्षेत्र के ग्राम आमनेर में 09 अक्टूबर 2025 को एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। मृतक की पहचान सोनू पाल (26) निवासी ग्राम गातापारा, थाना अभनपुर के रूप में हुई। पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रिवाल्वर और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर 10 अक्टूबर को पुलिस ने ग्राम आमनेर स्थित गोड़ा पुल नाले में युवक का शव पाया। शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक के सिर, चेहरा और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, किसी ठोस वस्तु से मारपीट कर हत्या की गई थी। एसएसपी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मृतक की शिनाख्त, घटना स्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों सुमित बांदे (26), अजय रात्रे (24) और गुलशन गायकवाड़ (26) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की घटना और शव नाले में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, यह हत्या एक क्षणिक विवाद के कारण हुई। आरोपियों ने बताया कि बीड़ी मांगने पर विवाद हुआ और मृतक को नशा कराने के बहाने अपने साथ ले जाकर मारकर हत्या कर दी। आरोपियों के विरुद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 373/25 धारा 103, 3(5) बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई की गई है।



