रायपुर। राजधानी रायपुर में नर्स प्रियंका दास (23) की हत्या से शहर में सनसनी फैल गई है। मृतका का खून से लथपथ शव उसके लालपुर पटेल चौक, टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित कमरे में पाया गया। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे लव ट्रायंगल की वारदात मान रही है और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका की दोस्ती दुर्गेश नामक युवक से थी और पिछले 7 साल से चिरमिरी के सन्नी नामक युवक से भी फ्रेंडशिप चल रही थी। युवती और उसके बॉयफ्रेंड के बीच विवाद चल रहा था। हत्या में प्रियंका के सीने में चाकू के तीन वार किए गए, वहीं मृतका के हाथ में भी चाकू पाया गया। पुलिस का मानना है कि कमरे में संघर्ष के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
प्रियंका दास पिछले एक माह से पचपेड़ी नाका स्थित किराए के रूम में रह रही थी और वह एमएमआई अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत थी। मृतका मूलतः चिरमिरी जिले की रहने वाली थी। घटना की सूचना आज सुबह उसकी रूममेट ने दी, जब वह प्रियंका से मिलने कमरे में पहुंची।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही जांच में जुटी हुई है। मृतका के बॉयफ्रेंड और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वारदात की देर रात होने की संभावना जताई जा रही है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।



