रायपुर। नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रायपुर में एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए 36 छात्राओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाने के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग के तृतीय वर्ष के छात्र सैय्यद रहीम अदनान अली के खिलाफ पुलिस ने IT एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
यह भी पढ़े :- AI का खतरनाक दुरुपयोग: IIIT रायपुर के छात्र ने 36 छात्राओं की बनाई अश्लील तस्वीरें, संस्थान में हड़कंप
जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने आरोपी की हरकत की शिकायत संस्थान प्रबंधन से की थी। शिकायत मिलते ही IIIT प्रशासन ने आरोपी छात्र के कमरे की तलाशी लेकर मोबाइल, लैपटॉप और पेन ड्राइव जब्त कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर छात्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर संस्थान छोड़ने का आदेश दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए महिला स्टाफ की एक कमेटी गठित की गई थी, जिसने तकनीकी पहलुओं सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद IIIT प्रबंधन ने राखी थाना पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी छात्र सैय्यद रहीम अदनान अली के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



