रायपुर। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मुजगहन क्षेत्र के बोरियाकला स्थित धनेली रोड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक व्यक्ति रिवॉल्वर लहराकर लोगों को धमका रहा है। सूचना पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ को जोड़ेगा राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी, 21.5 किमी सड़क निर्माण को मंजूरी
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बादल बेहरा पिता स्व. अशोक बेहरा (उम्र 29 वर्ष), निवासी ब्लॉक नंबर 49, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बोरियाकला, थाना मुजगहन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर उसने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। पूछताछ में उसने घर में एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस छिपाकर रखने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद किया।
आरोपी बादल बेहरा थाना सिविल लाइन और मुजगहन का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत करीब दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 221/25, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



