नारायणपुर। जिले में नक्सलवाद समाप्त करने के अभियान में अबूझमाड़ क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न इलाकों में सक्रिय 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिन पर कुल 70 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में 7 महिला नक्सली भी शामिल हैं।
प्रायवेट कंपनी के झांसे में ठगी करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार, 02 अंतर्राज्यीय महिलाएं भी शामिल
पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली अबूझमाड़ के माड़ डिविजन से जुड़े हैं, जिनमें डिप्टी कमांडर और कंपनी नंबर 6 के सदस्य भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लगातार सर्च ऑपरेशन, नई पुलिस कैंपों की स्थापना और सुरक्षा बलों की सक्रियता के कारण नक्सली हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता, पुनर्वास और सुरक्षित जीवन की दिशा में सहयोग मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि हाल ही में दो नए पुलिस बेस कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे सुरक्षा बलों की पहुँच दूरदराज़ इलाकों तक बढ़ गई है। इसके चलते ग्रामीणों में विश्वास बढ़ रहा है और नक्सल संगठन लगातार कमजोर हो रहे हैं।
अबूझमाड़, जो कभी नक्सलियों का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता था, अब शांति और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।



