रायपुर। थाना मुजगहन क्षेत्रांतर्गत कमर्शियल भवन बोरियाकला में Ril India Marketing Pvt. LTD / WEICONIC Pvt. LTD के नाम पर चल रही प्रायवेट कंपनी के झांसे में 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 02 अंतर्राज्यीय महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप है कि कंपनी ने अपने प्रोडक्ट की बिक्री और मेंबरशिप के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी के नाम पर कार्यालय खोला था, लेकिन कंपनी का कोई वैध पंजीयन या दस्तावेज नहीं था। उन्होंने लोगों को कमीशन, वेतन, आवास और भोजन की सुविधा का झांसा देकर अपना शिकार बनाया।
घटना की शिकायत जागेश्वरी यादव ने थाना मुजगहन में दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, कंपनी में मेंबरशिप लेने और प्रोडक्ट की बिक्री करने के नाम पर उन्होंने कुल 99,000 रुपये आरोपियों को दिए, लेकिन वेतन, आवास और भोजन की सुविधा न मिलने पर आरोपियों ने रकम को अपने निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर गुरूचरण साहू, पुनीत कुमार प्रजापति, निर्मला ठाकुर उर्फ निर्मला सामंत और शिवानी ठाकुर उर्फ शिवानी बोहरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी करना स्वीकार किया और कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया।
पुलिस के अनुसार, उक्त कंपनी के खिलाफ पहले भी थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर में अपराध पंजीबद्ध था और 03 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी:
- गुरूचरण साहू, पिता दिनेश साहू, उम्र 24, ग्राम नवरंगपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली।
- पुनीत कुमार प्रजापति, पिता भानसिंह प्रजापति, उम्र 25, भरतपुर रूद्रावत, राजस्थान।
- निर्मला ठाकुर उर्फ निर्मला सामंत, पिता शंकर सिंह ठाकुर, उम्र 25, ग्राम डोरजा, थाना चंपावत, उत्तराखण्ड।
- शिवानी ठाकुर उर्फ शिवानी बोहरा, पिता शंकर सिंह ठाकुर, उम्र 23, ग्राम डोरजा, थाना चंपावत, उत्तराखण्ड।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 219/25 धारा 318(4), 3(5) बी.एस.एस. के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



