रायपुर। राजधानी के प्रतिष्ठित मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में मरीजों की लूट का शर्मनाक मामला सामने आया है। जशपुर के एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर संगीन आरोप लगाए हैं- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) कार्ड से 3 लाख रुपये ‘ब्लॉक’ कर लिए, ऊपर से कैश में 3 लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन बिल का नामोनिशान तक नहीं।
CG Liquor Scam : अनवर ढेबर को सुप्रीम कोर्ट से 4 दिन की अंतरिम जमानत
परिजनों की शिकायत पर सीएमओ कार्यालय ने फौरन संज्ञान लिया। संचालक स्वास्थ्य सेवाओं को पत्र लिखकर अस्पताल को योजना से 3 महीने के लिए निलंबित करने की सिफारिश कर दी गई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि कार्रवाई का आधार वीडियो और दस्तावेज हैं, जिसमें कैश लेन-देन का खुलासा साफ नजर आता है।
अस्पताल के डॉ. आशीष मित्तल से संपर्क करने पर उन्होंने सफाई देने से कन्नी काट ली- “शाम को अस्पताल आइए, पूरा मामला समझाता हूं।” लेकिन परिजनों का गुस्सा ठंडा पड़ने वाला नहीं। शिकायतकर्ता ने पर्दाफाश किया कि शिकायत वापस लेने के बदले 60 हजार रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई। उन्होंने साफ इनकार कर दिया, तो परिजनों का दावा है कि स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी ‘पैसे के भूखे’ हैं, जो कार्रवाई की राह में रोड़ा बनेंगे।



