Jaipur SMS Hospital Fire : राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में देर रात भीषण आग (Jaipur SMS Hospital Fire) लग गई। इस हादसे में 7 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
RAIPUR : नहाते समय युवक डूबा, SDRF ने शव बरामद किया
शॉर्ट सर्किट से फैली आग
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और तेजी से फैल गई। आईसीयू में भर्ती मरीज पहले से ही गंभीर थे और अधिकतर कोमा की स्थिति में थे। आग से निकलने वाले जहरीले धुएं ने उनकी हालत और बिगाड़ दी। डॉक्टरों और स्टाफ ने उन्हें निचली मंजिल के आईसीयू में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन 7 मरीजों की जान नहीं बचाई जा सकी।
दमकल की 12 गाड़ियों ने पाया काबू
आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय आईसीयू में 6 मरीज भर्ती थे, जिनकी मौत हो गई, जबकि पास के दूसरे वार्ड से मरीजों को सुरक्षित निकाला गया।
मुख्यमंत्री ने लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और कई मंत्री तुरंत अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीएम ने अधिकारियों को हादसे की पूरी जांच करने और सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा के निर्देश दिए।
परिजनों का आरोप – समय पर नहीं की मदद
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जब धुआं निकलना शुरू हुआ तो स्टाफ को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। धुआं बढ़ने पर स्टाफ वहां से भाग गया और मरीजों को समय पर मदद नहीं मिली।
जांच के आदेश
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने पूरे परिसर की फायर सेफ्टी सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के आदेश दिए हैं। (Jaipur SMS Hospital Fire)



