Nava Raipur Conference : छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर स्थित आईआईएम में पहली बार अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन का आयोजन 28 से 30 नवंबर तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर के राज्यों के पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़े :- BIG NEWS : धरने से पहले ननकी राम कंवर को रायपुर में हाउस अरेस्ट किया गया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके समापन सत्र में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद निरोध, ड्रग्स नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलताएं मिली हैं—कई बड़े नक्सली मारे गए हैं और कई ने आत्मसमर्पण किया है। सम्मेलन में इन सफलताओं और आगे की संयुक्त रणनीतियों पर विशेष रूप से मंथन किया जाएगा।
नक्सलवाद समाप्त होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य शुरू करने की कार्ययोजना भी इस सम्मेलन में तैयार की जाएगी। यह 60वीं डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस नक्सल प्रभावित इलाकों पर केंद्रित रहेगी, खासकर बस्तर क्षेत्र में हाल के अभियानों की उपलब्धियों पर विशेष चर्चा होगी। (Nava Raipur Conference)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो महीने के भीतर दूसरी बार छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। वे 31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे और 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में वे फिर रायपुर आएंगे और डीजीपी-आईजी सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। पिछले वर्ष भी पीएम मोदी ने भुवनेश्वर में आयोजित सम्मेलन में भाग लिया था। (Nava Raipur Conference)



