रायपुर। राजधानी के थाना विधानसभा क्षेत्र में रिंग रोड नंबर 03 स्थित दो यार्डों में पुलिस ने अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल संग्रहित करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेंज साइबर थाना रायपुर और थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को पहले यार्ड पर छापेमारी की, जहां पांच आरोपियों—रवि यादव, नीरज नेताम उर्फ दउवाराम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र कुमार उर्फ बिहारी और राज पटेल—को गिरफ्तार किया गया। जांच में यार्ड में कुल 31,000 लीटर डीजल और 15,300 लीटर पेट्रोल पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 42,90,000/- रुपये आंकी गई। इसी छापेमारी में डीजल-पेट्रोल भरे ट्रक टैंकर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
दूसरे यार्ड की छापेमारी में चार आरोपियों—अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज—को गिरफ्तार किया गया। यहां से 1,500 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1,40,000/- रुपये है। साथ ही अवैध रूप से प्रयोग किए गए ट्रक टैंकर और अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए गए।
दोनों प्रकरणों में यार्ड संचालक अब भी फरार हैं, उनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 492/25 और 493/25 के तहत धारा 287 बी.एन.एस और 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
अपराध क्रमांक 492/25: रवि यादव, नीरज नेताम उर्फ दउवाराम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र कुमार उर्फ बिहारी, राज पटेल
अपराध क्रमांक 493/25: अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड, रोहित सरोज



