रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों द्वारा जारी युद्धविराम पत्र को भ्रामक बताया और साफ किया कि आत्मसमर्पण का स्वागत है, लेकिन सीजफायर नहीं होगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि यह एक पूर्व निर्धारित योजना है, लेकिन युद्धविराम की कोई बात नहीं है।
“लाल कार्पेट बिछाकर करेंगे स्वागत”
गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि जिन नक्सलियों ने पत्र लिखा है, उनमें खून-खराबा बंद करने का भाव झलकता है। यदि वे आगे आना चाहते हैं तो सरकार लाल कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत करने को तैयार है। लेकिन यह साफ है कि हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करना ही रास्ता है।
शहरी नेटवर्क पर SIA की बड़ी कार्रवाई
शर्मा ने बताया कि रायपुर और कोरबा समेत कई शहरों में नक्सलियों का शहरी नेटवर्क सक्रिय था। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने इसकी प्रोफाइलिंग कर नेटवर्क ध्वस्त करने का काम शुरू कर दिया है। हाल ही में गिरफ्तार नक्सली पिछले दो सालों से नए बेस बनाने और सक्रियता बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने जनता से अपील की कि किराएदारों की जानकारी पुलिस को जरूर दें। इसके लिए पुलिस ने एक मोबाइल ऐप भी बनाया है, जहां किराएदारों का रजिस्ट्रेशन आसान है।
80 प्रतिशत कम हुई नक्सलियों की फंडिंग
गृहमंत्री शर्मा ने बताया कि नक्सलियों के सभी बेस की प्रोफाइलिंग की जा रही है। उनके पास पहुंचने वाला पैसा करीब 80 प्रतिशत तक कम हुआ है, हालांकि अब भी उनके पास कुछ संसाधन मौजूद हैं।
अमित शाह का 4 अक्टूबर का दौरा
गृहमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होंगे, साथ ही मुरिया दरबार और स्वदेशी मेले के कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।



